सत्र हंगामेदार होने के आसार, राज्यपाल के अभिभाषण के साथ आज से ई-विधान के तहत संचालित होगी कार्यवाही


सत्र हंगामेदार होने के आसार, राज्यपाल के अभिभाषण के साथ आज से ई-विधान के तहत संचालित होगी कार्यवाही,

 उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा के सदस्य आज यानी सोमवार से शुरु हो रहे विधानमंडल के बजट सत्र में पहली बार नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन के तहत संचालित हो रही कार्यवाही का हिस्सा बनेंगे। इनको इसका दो दिन तक प्रशिक्षण भी दिया गया है।

वर्ष 2022 के साथ ही आज से अठारहवीं विधान सभा का भी पहला सत्र होगा। सत्र में राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट पारित कराएगी। सत्र की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से होगी। बजट सत्र में विपक्ष भी सदन में सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है। इस लिहाज से सत्र के दौरान हंगामा होने के आसार हैं।

विधान सभा मंडप में आज 11 बजे से विधान परिषद और विधान सभा सदस्यों की संंयुक्त बैठक के समक्ष राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का अभिभाषण शुरू होगा। वह राज्य सरकार के कामकाज का विवरण देंगी। 26 मई को सरकार दोनों सदनों में वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट पेश करेगी। योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह पहला बजट होगा।

विधानमंडल के पिछले सत्र के बाद लाये गए चार अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयकों को भी सरकार बजट सत्र में पारित कराएगी। इनमें भातखंडे राज्य संस्कृति विश्वविद्यालय अध्यादेश, 2022, उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश, 2022, उत्तर प्रदेश औद्योगिक क्षेत्र विकास (संशोधन) अध्यादेश, 2022 और उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश, 2022 शामिल हैं।योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले व दूसरे कार्यकाल में यह पहला मौका है जब विधान सभा के साथ विधान परिषद में भी सत्ता पक्ष का बहुमत है। विधान सभा में सत्ता पक्ष के बहुमत के बावजूद विपक्ष का संख्याबल बढ़ा है। इसके बाद भी विपक्ष, खासतौर पर समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दल महंगाई, बिजली कटौती, राशन वितरण, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दे पर सरकार को घेरने की भरपूर कोशिश करेंगे। इस लिहाज से विधानमंडल सत्र हंगामाखेज होने के आसार हैं।

सत्र के दौरान विधान सभा की कार्यवाही के सुचारु संचालन के उद्देश्य से रविवार को विधान भवन में सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने ने सदन की कार्यवाही के संचालन में सभी दलों से सहयोग मांगा। नए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदन की कार्यवाही निर्बाध तरीके से संचालित होगी तो अधिक से अधिक सदस्यों, खासतौर पर नए सदस्यों को अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस नए सत्र में ई-विधान लागू किए जाने से विधान सभा में नवाचार हुआ है।

 

इस बार विधानसभा सत्र की कार्यवाही का सजीव प्रसारण डीडी न्यूज के साथ-साथ यू-ट्यूब पर भी किया जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री तथा नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने सत्र के सुचारु संचालन में सत्ता पक्ष के पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि सदन की उच्च गरिमा और मर्यादा को बनाए रखते हुए गंभीर चर्चा को आगे बढ़ाने से लोकतंत्र के प्रति आमजन की आस्था बढ़ती है।

संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि सभी दलों ने सदन की कार्यवाही के निर्बाध संचालन में सहयोग का आश्वासन दिया है। बैठक में सपा विधानमंडल दल के उप नेता इन्द्रजीत सरोज, अपना दल (सोनेलाल) के राम निवास वर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल बालियान, निषाद पार्टी के अनिल कुमार त्रिपाठी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जगदीश नारायण, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की आराधना मिश्रा, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के रघुराज प्रताप सिंह और बहुजन समाज पार्टी के उमाशंकर सिंह शामिल हुए।शनिवार को भी होगी विधान सभा की बैठक : विधान सभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में इससे पहले सदन की कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई। इस बैठक में तय हुआ कि विधान सभा की बैठक 28 मई यानी शनिवार को भी होगी। विधान सभा सचिवालय ने सदन का 31 मई तक का कार्यक्रम जारी कर दिया है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Tags:

Rajesh Kumar Siddharth

अब तक इंडिया लाइव न्यूज़ चैनल

राजेश कुमार सिद्धार्थ अबतक मीडिया ग्रुप के संपादक-इन-चीफ हैं, जिन्हें 25 वर्षों से अधिक का पत्रकारिता जगत में अनुभव प्राप्त है, और जो अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता से अबतक मीडिया ग्रुप

Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।