राज्यसभा चुनाव के लिए आज वोटिंग, राजस्थान और हरियाणा में सबसे रोचक है मुकाबला
राज्यसभा की 16 सीटों के लिए आज होगी वोटिंग
57 में से 41 सीटों पर निर्विरोध चुने गए उम्मीदवार
राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक और महाराष्ट्र की एक-एक सीटों पर रोचक मुकाबला
राज्यसभा की 16 सीटों के आज 4 राज्यों में कुछ ही देर में वोटिंग शुरु होगी। 57 में से 41 सीटों के नतीजे पहले ही आ चुके हैं। जिन राज्यों में चुनाव होने है, इनमें राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र, और कर्नाटक शामिल है। सभी राज्यों में 1-1 सीट पर मुकाबला दिलचस्प है। सबसे रोचक मुकाबला राजस्थान और हरियाणा में है जहां निर्दलीय उम्मीदवारों की मदद से भाजपा, कांग्रेस का खेल खराब करने की कोशिशों में लगी है। क्रॉस वोटिंग के डर से जूझ रही कांग्रेस को इन दोनों राज्यों में अपने विधायकों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने को मजबूर होना पड़ा है। चुनौतियां भाजपा के लिए भी कम नहीं हैं। भाजपा को भी राजस्थान में अपने विधायकों की बाड़ेबंदी करनी पड़ी। महाराष्ट्र में भाजपा का तीसरा उम्मीदवार महाविकास अघाड़ी के लिए चुनौती बना है तो कर्नाटक में भाजपा और कांग्रेस जेडीएस का खेल खराब करने में जुटे हैं। अब फैसले का वक्त आ चुका है। कुछ ही देर में वोटिंग होगी और फिर यह तय हो जाएगा कि किसकी रणनीति सफल रही।
ओवैसी ने किया महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी को समर्थन का एलान
महाराष्ट्र में चुनाव से पहले ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बड़ा एलान किया है। ओवैसी ने राज्यसभा चुनाव में महाराष्ट्र की सत्ताधारी महा विकास अघाड़ी (MVA) को समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी के विधायक महा विकास अघाड़ी में सहयोगी दल कांग्रेस उम्मीदवार इमरान प्रतापगढ़ी को अपना वोट देंगे। बता दें कि महाराष्ट्र में एआइएमआइएम के दो विधायक हैं।
राजस्थान में सुभाष चंद्रा के दावे ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ीं
राजस्थान में राज्यसभा की चार सीट के लिए मतदान होना है। कांग्रेस ने मुकुल वासनिक, रणदीप सुरजेवाला और प्रमोद तिवारी को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने पूर्व मंत्री घनश्याम तिवाड़ी को चुना है। कांग्रेस 2 और भाजपा आराम से एक सीट जीत जाएगी। मीडिया कारोबारी सुभाष चंद्रा ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
हरियाणा में कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ी
राजस्थान की तरह हरियाणा में भी भाजपा के खेल से कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यहां दो सीटों पर राज्यसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। बीजेपी उम्मीदवार कृष्ण लाल पंवार की जीत तो पक्की दिख रही है लेकिन यहां भी निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देकर बीजेपी ने कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन को फंसा दिया है। कांग्रेस के नेता रहे विनोद शर्मा के बेटे कार्तिकेय शर्मा ने आखिरी समय में बतौर निर्दलीय उम्मीदवार ताल ठोककर कांग्रेस की मुश्किल बढ़ा दी है।
कर्नाटक में जेडीएस के लिए मुसीबत बने कांग्रेस और भाजपा
कर्नाटक में भी राज्यसभा के लिए बहुत रोचक लड़ाई है। यहां चौथी सीट के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अतिरिक्त उम्मीदवार उतारे हैं जिससे जेडीएस के इकलौते उम्मीदवार की जीत मुश्किल होती दिख रही है। कर्नाटक में जीत के लिए 45 विधायकों के वोटों की जरूरत है।
महाराष्ट्र में 6 सीट और मैदान में उम्मीदवार 7
महाराष्ट्र में छह सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। नतीजे आज ही आ जाएंगे। राज्य में करीब दो दशक से अधिक समय के बाद राज्यसभा चुनाव होगा, क्योंकि 6 सीट के लिए 7 उम्मीदवार मैदान में हैं। सत्तारूढ़ महाविकास अघाड़ी - शिवसेना, एनसीपी, कांग्रेस - ने अपने विधायकों को मुंबई के विभिन्न होटलों और रिसॉर्ट में रखा है। बताया जा रहा है कि मतदान शुरू होने से ठीक पहले राज्य विधानसभा के लिए रवाना होंगे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
राजेश कुमार सिद्धार्थ अबतक मीडिया ग्रुप के संपादक-इन-चीफ हैं, जिन्हें 25 वर्षों से अधिक का पत्रकारिता जगत में अनुभव प्राप्त है, और जो अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता से अबतक मीडिया ग्रुप
Leave a Comment: