जिलाधिकारी अनुज सिंह ने आज शनिवार को ब्लॉक बेहटा की ग्राम पंचायत पिपरिया में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं को सुना


जिलाधिकारी अनुज सिंह ने आज शनिवार को ब्लॉक बेहटा की ग्राम पंचायत पिपरिया में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं को सुना एवं शासन द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा दिलायी गयीं। उन्होंने समाज कल्याण विभाग, जिला प्रोबेशन विभाग, जिला पूर्ति विभाग, जिला पंचायती राज विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग आदि विभागों द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ किस तरह से जनता को मिलेगा की सारी शर्तों एवं आवश्यक दस्तावेजों की विस्तारपूर्वक जानकारी ग्रामीणों को दीं।
    जिलाधिकारी ने कहा कि जिन ग्रामीणों को इन योजनाओं का लाभ लेना है वह अपने निकटतम पंचायत घर में पंचायत सहायक से सम्पर्क स्थापित करते हुये आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारी को निर्देश दिये कि जिन लाभार्थियों को आय प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र बनवाना हो उनके आवेदन लेकर उनका जल्द से जल्द प्रमाण-पत्र जारी कर दिया जाये ताकि लाभार्थियों को अनेक योजनाओं का लाभ इन प्रमाण-पत्रों के आधार पर मिल सकें। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेते हुये कहा कि सभी लोग बूस्टर डोज लगवा लें इसके लिये स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये कि विशेष कैम्प का आयोजन करते हुये लोगों को वैक्सीन लगाये। उन्होंने चौपाल के दौरान ग्रामीणों से वार्ता करते हुये कहा कि जिन लाभार्थियों को योजना का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है वह सीधे मुख्य विकास अधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क स्थापित करते हुये अपनी समस्याओं का निस्तारण करा सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि जो पात्र लाभार्थी हैं उन्हें ही इन योजनाओं से लाभान्वित किया जाये। 
    जन चौपाल के दौरान जिलाधिकारी को अगवत कराया गया कि मनरेगा कार्यों में महिलाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा है इस पर जिलाधिकारी ने रोजगार सेवक को निर्देश दिये कि मनरेगा के कार्यों में महिलाओं के निर्धारित प्रतिशत को ध्यान में रखते हुये महिलाओं को रोजगार दिया जाये। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता करते हुये कहा कि जैसा की आज के नवयुवक नशे की लत में अपने स्वास्थ्य को खराब कर रहे हैं उन्हें हम सबको मिलकर रोकना है क्यों कि यही नवयुवक देश का भविष्य हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि न तो हम लोग नशा करेंगे और न ही करने देंगे। हम लोग यह जिम्मेदारी लेंगे कि हमारे नवयुवक आगे पढ़े और आगे बढ़ें, इस बात को हम हर क्षेत्र में फैलायेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि इस ग्राम पंचायत की 30 महिलाएं वृद्धावस्था पेंशन का लाभ पा रही हैं वहीं 90 महिलाएं विधवा पेंशन पा रही हैं। यह अनुपात यह दर्शाता है कि यहां के लोग नशा करते हैं, जिससे उनका स्वास्थ्य कम उम्र में ही खराब हो जाता है और वह अपना जीवन खो देते हैं। अतः आज आप सभी कसम लें कि इस गांव में न ही अवैध मदिरे का कोई उत्पादन करेगा और न ही मदिरे का सेवन करेगा तभी मुझे यहां आने की सार्थकता सिद्ध होगी। यही नवयुवक हमारे देश का भविष्य है, यदि नवयुवक शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल में पीछे रह जाते हैं तो हमारा देश भी विकास में पिछड़ जायेगा। इसके लिये सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा। 
    पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चन्द्रभान ने ग्रामीणों से अवैध शराब, हिस्ट्रीशीटर, गांव में आपसी रंजिश की जानकारी ली एवं महिलाओं को जागरूक किया कि गांव में कोई झगड़ा होता है तो 112 नम्बर मिला दें, जिससे 12 से 15 मिनट के अन्दर पुलिस की गाड़ी पहुंच जायेगी और झगड़े को रोक देगी, यदि किसी बहन, बेटी के साथ छेड़खानी की जाती है तो 1090 डायल करें, जिससे उन्हें समय रहते न्याय मिल सके। पुलिस अधीक्षक ने घरेलू हिंसा के प्रति सभी को जागरूक करते हुये कहा कि जिस तरह से हमारी बेटी किसी के घर की बहू बनती है उसी तरह हमारी घर की बहू भी किसी की बेटी है। हम जितना प्यार अपनी बेटी को देते हैं उतना ही प्यार बहू को भी दें। बहू के साथ कोई भेदभाव न करें, उसको प्यार और सत्कार दें, यदि किसी के घर घरेलू हिंसा की जा रही है तो 181 नम्बर डायल कर सूचित करें, जिससे घरेलू हिंसा को रोका जा सके।
    मुख्य विकास अधिकारी अक्षत वर्मा ने जन चौपाल में कहा कि हम विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों का कायाकल्प करा रहे हैं, जिससे शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार होगा। विकास से संबंधित किसी को कोई समस्या है तो वह पंचायत सहायक, सचिव को अवगत करायें। विशेष परिस्थितियों में हमारे मोबाइल नम्बर 9454465419 पर सम्पर्क स्थापित करते हुये अपनी समस्याओं को बता सकते हैं। यदि फोन नही उठता है तो वाट्सअप मैसेज से भी अपनी समस्या से अवगत करा सकते हैं। 
    जन चौपाल के दौरान जिला विकास अधिकारी हरिशचंद्र, उपजिलाधिकारी बिसवां अनुपम मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्ष मवार, जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अब तक टीवी न्यूज़ चैनल सीतापुर से लक्ष्मीकांत वाजपेई की रिपोर्ट

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।