Live: एकनाथ शिंदे और बागी विधायकों से मुलाकात कर निकले शिवसेना नेता, डेढ़ घंटे तक चली बातचीत


खास बातें

विधान परिषद चुनाव का परिणाम सामने आने के बाद से महाराष्ट्र में सियासी भूचाल आ गया है। मंगलवार सुबह जानकारी आई कि उद्धव सरकार के 12 बागी विधायकों ने गुजरात के सूरत में डेरा डाल दिया है और उनके साथ शिवसेना के वरिष्ठ नेता और मंत्री एकनाथ शिंदे मौजूद हैं। घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र सरकार में हलचलें तेज हो गईं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। महाराष्ट्र सियासी संकट से जुड़े हर अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...

लाइव अपडेट

06:38 PM, 21-JUN-2022

अजय चौधरी को बनाया शिवसेना विधायक दल का नेता 

शिवसेना ने शिंदे की जगह अजय चौधरी को नेता बनाया। एकनाथ शिंदे को पद से हटाने वाली चिट्टी पर 22 लोगों ने दस्तखत किए हैं। वहीं, सूरत में मिलिंद नार्वेकर बागी विधायकों से मुलाकात कर होटल से बाहर निकलें हैं।  करीब डेढ घंटे तक मिलिंद नार्वेकर की बागी विधायकों से बातचीत हुई। इस दौरान शिवसेना नेता रवि पाठक भी मौजूद थे।
 

06:37 PM, 21-JUN-2022

शिवसेना नेताओं ने महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष नरहरि जिरवाल से की मुलाकात

शिवसेना नेताओं ने महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष नरहरि जिरवाल से मुलाकात की और उन्हें एक पत्र सौंपा, जिसमें एकनाथ शिंदे को विधायक दल के नेता के पद से हटाने और उनकी जगह अजय चौधरी को शिवसेना विधायक दल का नेता बनाने का अनुरोध किया गया है।
 

06:21 PM, 21-JUN-2022

उद्धव ठाकरे से मिलने पहुंचे अजीत पवार

महाराष्ट्र में शुरू हुई उथल-पुथल के बीच अजीत पवार उद्धव ठाकरे से मिलने पहुंचे। उद्धव ठाकरे के आवास पर दोनों नेताओं के बीच वार्ता होगी। इस बीच यह भी सामने आया है कि उद्धव ठाकरे ने सात बजे शिवसेना सांसदों की बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना के बागी विधायकों से पिछले एक घंटे से बातचीत चल रही है। शिवसेना के नेता मिलिंद नार्वेकर बागी विधायकों से बातचीत कर रहे हैं।

06:06 PM, 21-JUN-2022

सभी विधायक प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले और बालासाहेब थोराट के संपर्क में-कांग्रेस

महाराष्ट्र में शुरू हुई उथल-पुथल के बीच महाराष्ट्र कांग्रेस ने बयान जारी कर बालासाहेब थोराट से जुड़ी खबर को खारिज किया है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने कहा है कि कांग्रेस के सभी विधायक प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले और विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट के संपर्क में हैं और विधायकों के संपर्क में नहीं होने की जो भी खबरें हैं वह पूरी तरह निराधार हैं। बालासाहेब थोराट के कांग्रेस विधायक दल के नेता पद से इस्तीफे से जुड़ी खबर भी गलत है क्योंकि वह अपने आवास से ही पूरे हालात पर नजर रख रहे हैं।

06:06 PM, 21-JUN-2022

हरीश रावत ने भाजपा पर साधा निशाना

महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट पर कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत का बयान भी आया है। उन्होंने दिल्ली में कहा है कि हमारा गठबंधन शिवसेना से है, उनके घर में क्या चल रहा है इसे उद्धव ठाकरे देखेंगे। इससे भाजपा का असली चेहरा दिखाई दे रहा है, वे कहीं भी विरोध बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं है। हमारी सरकार ही चलेगी क्योंकि BJP भी सरकार नहीं बना सकती। 
वे कुछ हलचल कर सकते हैं, खरीद फरोख्त करके अस्थिरता पैदा कर सकते हैं, लेकिन उनके मंसूबे पूरे नहीं होंगे। इससे साफ पता चलता है कि भाजपा सिर्फ सत्ता की भूखी है। 
 

05:10 PM, 21-JUN-2022

पूर्व सीएम पृथ्वीराज चव्हाण ने भाजपा पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम पृथ्वीराज चव्हाण ने महाराष्ट्र में उथल-पुथल के लिए भाजपा को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि कुछ समय पहले एनसीपी में भी भाजपा ने ऐसा करने की कोशिश की थी। शरद पवार के साथ भी ऐसा किया गया जब डिप्टी सीएम अजीत पवार ने बगावती तेवर अपनाए थे। अब उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना में यही हो रहा है। उद्धव के करीबी एकनाथ शिंदे ने बगावती तेवर अपना लिए हैं।

05:10 PM, 21-JUN-2022

कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा बोले- महाराष्ट्र में हमारी सरकार मजबूत

शिवसेना विधायकों और एकनाथ शिंदे को लेकर कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हमारी सरकार महाराष्ट्र में मजबूत है। सभी कांग्रेस विधायक और हमारा गठबंधन मजबूत है। जहां तक शिवसेना का सवाल है, उनके प्रमुख उद्धव ठाकरे सफलतापूर्वक इसका हल निकालेंगे।
 

05:09 PM, 21-JUN-2022

शिवसेना नेता मिलिंद नार्वेकर और रवि पाठक ने की बागी नेताओं से मुलाकात

महाराष्ट्र में शुरू हुए राजनीतिक संकट के बीच जानकारी मिली है कि शिवसेना नेता मिलिंद नार्वेकर और रवि पाठक बागी विधायकों से मिलने सूरत स्थित ले मेरिडियन होटल पहुंच चुके हैं। इसी होटल में शिव सेना के बागी नेताओं ने डेरा जमाया हुआ है। मिलिंद और रवि पाठक ने एकनाथ शिंदे से भी मुलाकात की है।
 

04:32 PM, 21-JUN-2022

एकनाथ शिंदे हमारे साथ- संजय राउत

महाराष्ट्र में गहरा रहे सियासी संकट के बीच शिवसेना नेता संजय राउत ने भाजपा पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि सूरत में हमारे विधायकों को डरा-धमका कर रखा गया है। भाजपा ऑपरेशन लोटस की तरह रणनीति अपना रही है लेकिन देखते हैं कि यह कितना सफल रहता है। उन्होंने आगे कहा कि हमारी बात उन विधायकों से बात हुई है। उन्होने आगे कहा कि एकनाथ शिंदे हमारे साथ हैं, उनकी कुछ गलतफहमियां हैं वो दूर हो जाएगी। 
 

04:10 PM, 21-JUN-2022

कांग्रेस ने अपने विधायकों की बुलाई बैठक

एकनाथ शिंदे का अपने समर्थक विधायकों के साथ गुजरात के सूरत में डेरा जमाए जाने की घटना के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट गहरा गया है। इस बीच कांग्रेस ने अपने विधायकों की बैठक बुलाई है। कांग्रेस विधायकों की बैठक साढ़े पांच बजे होगी।

04:07 PM, 21-JUN-2022

उद्धव ठाकरे की बैठक में पहुंचे 20 विधायक

महाराष्ट्र में गहरा रहे राजनीतिक संकट के बीच मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि एकनाथ शिंदे के बगावती तेवरों के बाद उद्धव ठाकरे ने आपात बैठक बुलाई थी, जिसमें सिर्फ 20 विधायक पहुंचे थे। शिवसेना के 35 विधायक बैठक में नहीं पहुंचे।

03:52 PM, 21-JUN-2022

तकनीकी रूप से राज्य सरकार अल्पमत में - BJP अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल 

इस बीच महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि राज्यसभा और MLC चुनावों के लिए BJP को निर्दलीय और छोटे राजनीतिक दलों का समर्थन मिला है। हमारी जानकारी के अनुसार एकनाथ शिंदे और 35 विधायक जा चुके हैं। इसका मतलब है कि तकनीकी रूप से राज्य सरकार अल्पमत में है, लेकिन व्यावहारिक रूप से सरकार को अल्पमत में आने में कुछ समय लगेगा। अभी तक ऐसी कोई स्थिति नहीं है जो अविश्वास प्रस्ताव के लिए विशेष सत्र बुलाए जाने की मांग करे। 18 जुलाई से विधानसभा का सत्र शुरू होगा और फिर हम इस पर गौर करेंगे।

03:51 PM, 21-JUN-2022

हमारे संपर्क में सारे MLA- महाराष्ट्र सरकार में मंत्री जयंत पाटिल 

एकनाथ शिंदे का अपने समर्थक विधायकों के साथ गुजरात के सूरत में डेरा जमाए जाने की घटना के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट गहरा गया है। इस बीच महाराष्ट्र सरकार में मंत्री जयंत पाटिल ने मुंबई में कहा कि एकनाथ शिंदे कल शाम से गुजरात गए हैं और उनके साथ विधानसभा के सदस्य भी हैं। हमने राष्ट्रवादी कांग्रेस की कोई बैठक नहीं बुलाई। हमारे कई MLA मुंबई में ही हैं और मेरी बात उनसे लगातार हो रही है,  हमारे संपर्क में सारे MLA हैं। 
 

03:38 PM, 21-JUN-2022

सीएम उद्धव ठाकरे ने विधायकों के साथ की बैठक

एकनाथ शिंदे का अपने समर्थक विधायकों के साथ गुजरात के सूरत में डेरा जमाए जाने की घटना के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट गहरा गया है। इस बीच सीएम उद्धव ठाकरे ने विधायकों के साथ आपात बैठक भी की। शिवसेना आज शाम चार बजे शक्ति प्रदर्शन करेगी। कुछ दी देर में शिवसेना का शक्ति प्रदर्शन होगी। 

03:34 PM, 21-JUN-2022

गठबंधन में कोई मतभेद नहीं-शरद पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार को गिराने की तीसरी बार कोशिश की गई है, लेकिन उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे हालात संभाल लेंगे।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।