प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम पांच बजे देश को संबोधित करेंगे। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार पीएम मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन होगा। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि पीएम मोदी किस विषय पर बोलेंगे लेकिन अनुमान है कि जीएसटी सुधारों को लेकर उनका संबोधन हो सकता है।


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम पांच बजे देश को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी किस मुद्दे पर ये संबोधन देंगे, इसकी अभी आधाकारिक जानकारी सामने नहीं आ सकी है। हालांकि, माना जा रहा है कि सोमवार से लागू हो रहे जीएसटी सुधारों को लेकर पीएम मोदी अपना संबोधन दे सकते हैं।

पीएम मोदी का संबोधन ऐसे समय पर हो रहा है, जब सोमवार से नई जीएसटी दरें लागू हो रही हैं। वहीं, इस समय भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ, एच1 वीजा को लेकर तनाव बढ़ रहा है। ऐसे में पीएम मोदी का ये संबोधन कई मायनों में खास हो सकता है। 

कब-कब देश को पीएम मोदी ने किया संबोधित

गौरतलब है कि साल 2014 में प्रधानमंत्री पद का कार्यभार संभालने के बाद पीएम मोदी ने कई बार राष्ट्र के नाम अपना संबोधन दिया था। पीएम मोदी के पिछले संबोधनों पर नजर डालें, तो 8 नवंबर, 2016 को उन्होंने राष्ट्र को संबोधित किया और 500 और 1000 रुपये के नोटों के विमुद्रीकरण की घोषणा की।

इसके बाद 12 मार्च, 2019 को पीएम मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन दिया, जब उन्होंने पुलवामा आतंकी हमले के बाद किए गए बालाकोट हवाई हमलों की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री ने 24 मार्च, 2020 को राष्ट्र को संबोधित करते हुए कोविड-19 महामारी को रोकने के लिए तीन सप्ताह के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की थी। उन्होंने 14 अप्रैल, 2020 को फिर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा की थी। उसी साल मई में उन्होंने लॉकडाउन में ढील देने के फैसले के बारे में बताया।

 

इससे पहले पीएम मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन 12 मई 2025 को दिया था। इस दौरान उन्होंने पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत के जवाबी हमले, ऑपरेशन सिंदूर के बारे में लोगों को जानकारी दी थी।

कल से लागू हो रही हैं जीएसटी की नई दरें

आज शाम को होने वाला पीएम मोदी का ये संबोधन के विषय के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, रिपोर्ट्स में कयास लगाए जा रहे हैं कि आज के संबोधन में पीएम मोदी जीएसटी के रिफॉर्म पर बात कर सकते हैं। चूंकि कल यानी 22 सितंबर से जीएसटी की नई दरें लागू होने जा रही हैं। नए दरों के लागू होने के बाद रोजमर्रा की कई वस्तुएं सस्ती होने जा रही हैं।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Tags:

Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।