पीलीभीत में शनिवार को शुरू हुई बारिश रविवार को दिनभर जारी रही। जिससे जिले के कई स्कूलों में भी पानी भर गया। सोमवार को भी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके मद्देनजर बेसिक और मान्यता प्राप्त कक्षा आठ तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।


पीलीभीत जनपद में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रविवार को दिनभर बारिश का क्रम जारी रहा। बीते 24 घंटे से लगातार बारिश होने से नदियां उफना गई हैं। वहीं मौसम विभाग ने सोमवार को भी बारिश की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर जिले के सभी बेसिक और मान्यता प्राप्त कक्षा आठ तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि बारिश से कई स्कूलों में पानी भर गया है। सोमवार को भी बारिश की संभावना जताई जा रही है। इसको लेकर सोमवार को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। 

रविवार को बारिश से शहर के लगभग हर मोहल्ले की गलियों में पानी भर गया, जिससे लोगों का निकलना दूभर हो रहा था। इधर मैदानी क्षेत्र के साथ ही पहाड़ों पर भी बारिश से शारदा नदी भी उफना गई है। नेपाल के सीमावर्ती गांव में बाढ़ का पानी भर गया है। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने नदियों में जलस्तर बढ़ने से जिले में अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी झमाझम बारिश की संभावना जताई है। दो दिन में करीब 110 मिमी बारिश हुई है।

दिनभर होती रही बरसात 
शनिवार को शुरू हुई बारिश का सिलसिला रविवार को पूरे दिन जारी रहा। बारिश से स्टेशन रोड, चूड़ी वाली गली, अशोक कॉलोनी, बल्लभनगर कॉलोनी, टनकपुर हाईवे, चीनी मिल मार्ग, अंडरपास, जिला अस्पताल, क्षय रोग केंद्र, कलक्ट्रेट परिसर सहित कई स्थानों पर पानी भर गया। बारिश के चलते श्रमिकों को काम नहीं मिल सका तो ठेला और खोमचा वाले अपनी दुकानों को नहीं लगा सके। बारिश के चलते लोग घरों में ही रहे। जिले के कई स्कूलों में भी पानी भर गया।

यशवंतरी देवी मंदिर में भर गया पानी
यशवंतरी देवी मंदिर के पास बड़ा तालाब हैं। बीते दो दिनों से हो रही तेज बारिश के चलते तालाब उफना गया। इससे तालाब का पानी मंदिर परिसर में आ गया। इससे आधा मंदिर पानी में डूब गया। शाम तक मंदिर में जलभराव की समस्या बनी रही। गंदे पानी में ही लोग मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।

 

ग्रामीणों को किया गया सतर्क 
डीएम संजय कुमार सिंह ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। इसको लेकर ग्रामीणों को सतर्क किया गया है। नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्कता बनाए रखने के लिए कहा गया है। फिलहाल अभी बाढ़ का खतरा नहीं है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।