शहर में वाटर कूलर बदहाल, कहीं दे रहे पानी तो कहीं सूखे


बागपत। शहर में जगह-जगह लगे कुछ वाटर कूलर बदहाल हो चुके हैं। जिसमें कुछ पानी दे रहे हैं, जबकि कुछ सूख चुके हैं। इसके अलावा वाटर कूलरों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण काई व गंदगी रहती है। जिससे पेयजल के लिए राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शहर में पिछले साल नगर पालिका ने 50 लाख रुपये खर्च कर सार्वजनिक जगहों पर पेयजल मुहैया कराने के लिए 27 वाटर कूलर लगवाए गए थे। जिनसे ठंडा पानी मिलने से लोगों को काफी राहत भी मिली। कुछ दिनों से शहर में अलग-अलग जगहों पर लगे वाटर कूलर देखरेख के अभाव में बदहाल हो चुके हैं। कई जगह तो वाटर कूलर से पानी नहीं निकलता। इस कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है और पेयजल के लिए इधर उधर भटकना पड़ता है। नगर पालिका के बाहर लगे वाटर कूलर की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदगी जम गई है। जहां पेयजल के लिए आने वाले लोगों को फिसलकर गिरने तक का डर रहता है। इस वाटर कूलर से पानी जरूर लोगों को मिलता है। तहसील में रोजाना सैकड़ों लोग अपने कार्यों के लिए आते हैं। तहसील के पास लगाया गया वाटर कूलर बदहाल स्थिति में है। जिससे पानी के लिए नलकूप या दुकान से पानी खरीदकर प्यास बुझानी पड़ रही है। उसके पास ही ईदगाह मोहल्ले में रहने वाले आकिल रविवार को पानी के लिए वाटर कूलर के पास पहुंचे तो वहां पानी नहीं मिल सका। शहर में पक्का घाट मंदिर के बाहर लाल खंबा पर लगे वाटर कूलर से कभी पानी निकलता है तो कभी बंद हो जाता है। उस वाटर कूलर में रविवार दोपहर को पानी नहीं था, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिसके चलते आसपास के दुकानदार भी परेशान रहे। दुकानदार शोएब, रिहान ने बताया कि वाटर कूलर से कभी पानी मिलता है तो कभी बंद हो जाता है। सिसाना रोड पर रहने वाले संदीप, गोलू, विकास आदि ने बताया कि वाटर कूलर से सुबह और शाम के समय ठंडा पानी मिलता है, लेकिन दोपहर होते ही बंद हो जाता है। जिस कारण लोगों को प्यास बुझाने के लिए हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ता है। उन्होंने दिनभर पानी चलाने की मांग की। एक्सचेंज रोड पर मस्जिद के बाहर लगे वाटर कूलर में लगी एक टंकी टूटी पड़ी है, जबकि एक टंकी से पेयजल मिल रहा है। जिस कारण भीड़ होने पर पेयजल के लिए लोगों को इंतजार भी करना पड़ता है। स्थानीय निवासी शकील ने वाटर कूलर में नई टंकी लगवाने की मांग की।शहर में लोगों को ठंडा पानी मुहैया कराने के लिए लगे वाटर कूलरों में पानी की सप्लाई शहर की पेयजल आपूर्ति से जुड़ी हुई है। जिनमें सुबह और शाम के समय पानी भर जाता है, जिससे लोग अपनी प्यास बुझा सकें। लेकिन कुछ दुकानदार अपनी दुकानों पर पानी भरकर ले जाते हैं, जिससे वाटर कूलर खाली हो जाता है। इसलिए कुछ समस्या रहती है, इसका समाधान किया जाएगा। - राजुद्दीन एडवोकेट, चेयरमैन नगर पालिका बागपत। 
 

 

 



 



--



--


-

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।