बंडा (शाहजहांपुर)। रात में दीवार फांदकर घर में घुसने के आरोपी चार सिपाहियों को एसपी ने निलंबित कर दिया है। इस मामले में जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी भी कार्रवाई की जद में आ सकते हैं।
आरोप है कि एक सितंबर की रात बंडा थाने के छह सिपाही मोहल्ला मुरादपुर निवासी शफी के घर में दीवार फांदकर घुस गए थे। सिपाही बिना वर्दी थे। महिलाओं ने सिपाहियों को दीवार से घर में कूदते देख बदमाश समझकर शोर मचा दिया था और उन्हें बेलन, झाड़ू व फुंकनी आदि से पीटा था। सिपाही तब मौके से भाग निकले थे। इसके बाद भीड़ थाने पहुंची थी और थाना प्रभारी से सिपाहियों की शिकायत की थी। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने धोखे से घर में घुसने की बात कहते हुए लोगों को शांत किया था।
मामला संज्ञान में आया तो एसपी एस. आनंद ने इसकी जांच कराई। बताते हैं कि छह में से चार सिपाही प्रशांत कुमार, त्रिवेंद्र, आशीष, द्विविद कुमार पर प्राथमिक रूप से आरोप साबित हुए। चारों को निलंबित कर दिया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि चार सिपाहियों को निलंबित करने का आदेश प्राप्त हो चुका है, सिपाहियों की रवानगी कराई जा रही है।
सिपाहियों के दीवार फांदकर घर में घुसने, पिटाई होने और इस दौरान महिला के बेहोश हो जाने के मामले को मुख्यमंत्री, डीजीपी, एडीजी, आईजी व एसपी आदि को ट्वीट किया गया था। शाहजहांपुर पुलिस ने रि-ट्वीट कर सिपाहियों पर कार्रवाई कर दिए जाने की बात लिखी है। थाना प्रभारी मनोज कुमार का कई महीने पहले दूसरे जिले में तबादला हो चुका है। 13 मार्च 2022 को प्रतिसार निरीक्षक ने सीओ को भेजे पत्र में बताया था कि एसपी के पत्र के अनुपालन में गैर जनपद तबादले वाले इंस्पेक्टर को कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनकी रवानगी सुनिश्चित करें। इस सूची में बंडा के थाना प्रभारी मनोज कुमार का नाम पहले नंबर पर था। उनका मुरादाबाद रेंज को तबादला हुआ है। इसके बाद भी थाना प्रभारी अभी बंडा थाने का चार्ज संभाले हुए हैं। आईजी ने शाहजहांपुर पुलिस को मामला देखने के निर्देश दिए हैं। आईजी के ट्वीट पर शाहजहांपुर पुलिस ने मामले को दिखवाने पर सहमति दी है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: