यमुना एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। शनिवार को नोएडा से आगरा की ओर 210 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही बीएमडब्ल्यू कार असंतुलित होकर रेलिंग को तोड़ते हुए 20 फीट नीचे जा गिरी। जीरो प्वाइंट से आगरा की ओर 11वें किलोमीटर पर हुए हादसे में कार सवार हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी छात्र भरत यादव (21) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक उसमें फंस गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को कड़ी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला। घायल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां से परिजन उसे रेफर कराकर दिल्ली ले गए। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया। दो महीने पहले पिता की और अब बेटे की मौत ने परिवार को पूरी तरह सदमे में ला दिया है। दनकौर थाना प्रभारी राधा रमन सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि यमुना एक्सप्रेसवे पर गलगोटिया कॉलेज के पास तेज गति में जा रही एक बीएमडब्ल्यू कार सेफ्टी रेलिंग तोड़कर एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकलवाया और कैलाश अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने कार चालक सेक्टर-6, बहादुरगढ़ जिला झज्जर निवासी भरत यादव को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल गौरव का इलाज चल रहा है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। बता दें कि करीब दो महीने पहले मृतक भरत यादव के पिता का भी देहांत हो गया था। परिवार उस सदमे से उभर भी नहीं पाया था कि परिवार पर दुखों का पहाड़ फिर से टूट पड़ा। भरत यादव गुरुग्राम के सेक्टर-23 में स्थित एक कॉलेज में एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। जैसे ही यह खबर बहादुरगढ़ पहुंची तो परिवार में मातम छा गया। शहर का हर कोई वासी उनके घर पहुंचा और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: