बरेली। कैंट के सदर बाजार में ढाई महीने पहले प्रेमी के साथ गई महिला बृहस्पतिवार को चुपचाप अपने पति के घर से बेटे और बेटी को भी ले उड़ी। बच्चों को उनकी मां के ले जाने से अनजान परिवार ने उनके अपहरण की सूचना दी तो एसएसपी समेत तमाम अफसर सदर बाजार पहुंच गए। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से असलियत पता चलने के बाद महिला की तलाश शुरू की गई तो मालूम हुआ कि वह दिल्ली पहुंच गई है। पुलिस ने महिला के प्रेमी और बच्चों को उठा लेने में मदद करने वाले उसके भाई को हिरासत में ले लिया है। सदर बाजार में रहने वाले राजीव अग्रवाल रेलवे में नौकरी करते हैं और कासगंज के सोरों में ईएसएम के पद पर तैनात हैं। छोटे भाई संजीव अग्रवाल के मुताबिक करीब ढाई महीने पहले राजीव की पत्नी रजनी उनसे लड़-झगड़कर पड़ोस के गांव चनेहटा में रहने वाले अपने प्रेमी विशाल के साथ चली गई थी। राजीव और रजनी के सातवीं में पढ़ने वाली 13 वर्षीय प्रिया, पहली में पढ़ने वाली आठ वर्षीय रूही और प्री नर्सरी में पढ़ने वाले पांच वर्षीय बेटे रेयांश समेत तीन बच्चे हैं जो सदर बाजार में उनके साथ रह रहे हैं। संजीव के मुताबिक तीनों बच्चे स्कूल से दोपहर ढाई से पौने तीन बजे के बीच घर लौटते हैं। बृहस्पतिवार को भी वे इसी बीच घर लौटकर घर के खेलने लगे थे लेकिन कुछ देर बाद वह अपने काम से घर लौटे तो रेयांश और रूही कहीं नहीं दिखे। उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों से उनके बारे में पूछा तो वह भी कुछ नहीं बता पाए। काफी देर तलाश करने के बाद भी उनका कुछ नहीं पता चला तो साढ़े तीन बजे उन्होंने कैंट पुलिस को उनके अपहरण का अंदेशा जताते हुए सूचना दे दी। दो बच्चों के अपहरण की सूचना से पुलिस में नीचे से ऊपर तक हलचल मच गई। कैंट पुलिस के साथ एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसपी सिटी राहुल भाटी, सीओ फर्स्ट श्वेता यादव सदर बाजार पहुंच गईं। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो पता चला कि दोनों बच्चों को उनकी मां रजनी ले गई है। संजीव से पूछताछ के बाद पुलिस ने रजनी के कथित प्रेमी विशाल को हिरासत में लेकर रजनी के बारे में पूछताछ की लेकिन उसने उसके बारे में कोई जानकारी होने से इन्कार कर दिया। देर शाम पुलिस ने रजनी के भाई जितेंद्र को भी हिरासत में ले लिया। जितेंद्र रजनी के साथ बच्चों को मोटर साइकिल पर बैठाकर ले गया था। देर रात तक पुलिस जितेंद्र और विशाल से पूछताछ कर रही थी। इस बीच सर्विलांस टीम ने जानकारी दी कि रजनी दिल्ली पहुंच गई है। इंस्पेक्टर कैंट के मुताबिक कॉल डिटेल से पता चला कि राजीव की सबसे बड़ी बेटी प्रिया को उसकी मां घटना के दौरान लगातार फोन करती रही। सीडीआर में दोपहर 2:20 से 3:30 बजे तक बातचीत होने का पता लगा है। प्रिया ने पुलिस को बताया कि मां रजनी छोटे भाई-बहन से मिलने की बात कह रही थी। इसके बाद उसने रूही को रेयांश के साथ मदारी की पुलिया पर मां से मिलने के लिए जाने को कह दिया था। पुलिस इसके बाद काफी देर तक रजनी का फोन लगाने की कोशिश करती रही लेकिन वह स्विच ऑफ मिलता रहा। रजनी की सीडीआर भी पुलिस निकलवा रही है।
सीसीटीवी में बाइक पर बैठकर जाती दिखीपुलिस ने सदर बाजार के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो दोपहर लगभग डेढ़ से दो बजे के बीच रजनी दोनों बच्चों के साथ बातचीत करती दिखाई दी। अपने मुंह पर उसने कपड़ा बांध रखा था और कैमरों से भी बचने की कोशिश कर रही थी। आखिर में वह कैमरों में एक बाइक पर बच्चों के साथ बैठकर जाते हुए दिखी। बाइक सर्किट हाउस के सामने हाइडिल कॉलोनी में रहने वाला उसका भाई जितेंद्र चला रहा था।
प्रेमी बोला- साहब, दो दिन से
गायब है, मेरे कागत भी ले गई
रजनी के कथित प्रेमी विशाल ने पुलिस को बताया कि रजनी दो दिन से गायब है और इस बीच उसके घर भी नहीं आई है। उसने पुलिस को बताया कि रजनी उसके कई जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गई है। वह दो दिन से उसे तलाश कर रहा है।
पति-पत्नी का विवाद है। पत्नी ढाई महीने से अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। सीसीटीवी कैमरों में उसे अपने बच्चों को ले जाते हुए देखा गया है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। जल्द ही बच्चों को तलाश कर लिया जाएगा। - राहुल भाटी, एसपी सिटी
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: