सिविल लाइंस में पुराने पीएचक्यू स्थित एडीजी कार्यालय परिसर में बृहस्पतिवार की शाम एक फरियादी ने जहर पी लिया। उसने वीडियो बनाकर उत्पीड़न का आरोप लगाया। पुलिस ने उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया है। युवक के खिलाफ तीन थानों में 13 मुकदमे दर्ज हैं। सोरांव का रहने वाला गौरव पटेल (24) बृहस्पतिवार को फरियाद लेकर एडीजी दफ्तर पहुंचा था। गौरव पटेल ने कार्यालय परिसर में वीडियो बनाते हुए बताया कि उसे बड़गांव चौकी इंचार्ज और इंस्पेक्टर सोरांव परेशान कर रहे हैं। आए दिन उसके घर पर पुलिस भेजकर उसका उत्पीड़न किया जा रहा है। इसी कारण वह आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद उसने बोतल से जहर पीते हुए वीडियो बनाया और वहीं गिर पड़ा। यह देखकर वहां हड़कंप मच गया। तुरंत सिविल लाइंस पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने उसे पहले बेली में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे एसआरएन रिफर कर दिया गया। इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है कि वह एडीजी से मिला था कि नहीं। इस बारे में एसपी सिटी संतोष कुमार मीणा ने बताया कि गौरव पटेल सोरांव थाने का टॉप टेन अपराधी है। उसके खिलाफ थरवई, फूलपुर और सोरांव में लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं। उसने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कोई कीटनाशक पी लिया है। फिलहाल उसे हास्पिटल में भर्ती कराया गया है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: